Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
टोंक2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
घायल व्यापारी को निवाई से जयपुर रेफर किया गया।
जिले के निवाई में गुरुवार को एक व्यापारी को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। इसके बाद बदमाश व्यापारी के पास मौजूद 30 लाख रुपए लूटकर भाग गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से गंभीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया गया। वहीं, शहर में नाकाबंदी करवाई गई।
घटना निवाई के झिलाय रोड स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के बाहर की है। जहां व्यापारी सत्यनारायण खंडेलवाल करीब 30 लाख रुपए लेकर बाहर निकले थे। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर 3 बदमाश मौके पर पहुंचे। जिन्होंने व्यापारी पर फायरिंग कर दी। व्यापारी गश खाकर गिर गया। घायल सत्यनारायण खंडेलवाल कृषि मंडी में दुकान करता है।
जांच में सामने आया कि तीनों लुटेरे अपने चेहरे पर नकाब बांधकर आए थे। बाईक नई स्प्लेंडर बिना नंबर की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोग घायल सत्यनारायण को निवाई अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां हालात चिंताजनक होने पर उसे डॉक्टरों ने जयपुर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी निवाई शहर में आग की तरह फैल गई। हजारों की संख्या में भीड़ घटनास्थल पर और अस्पताल में पहुंच गई। पुलिस को भीड़ को भगाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस की टीम जांच करने पहुंची।
मौके पर पहुंचे एसपी एडिशनल एसपी
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ओमप्रकाश और एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जानकारी ली। तुरंत प्रभाव से एफएसएल टीम को बुलाया एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और तत्काल प्रभाव से सबूत जुटाने में लग गई।
इधर नाराज किसानों ने रोड पर लगाया जाम
घटना से नाराज मंडी व्यापारियों ने किसानों से माल लेना बंद कर दिया। जिससे किसान उत्तेजित हो गए। नाराज होकर जिला रोड पर जाम लगा दिया। व्यापारियों और प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। काफी देर समझाइश के बाद जाम खोल दिया गया।
(रिपोर्ट- मनोज गुप्ता, निवाई)