Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भरतपुर14 दिन पहले
- कॉपी लिंक
भरतपुर। रात को तापमान में 6 डिग्री की गिरावट आने से ठंड में तेजी आई। पारा चार डिग्री पर लुढ़कने से मैदान में ओस की बूंदें जम गईं।
पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही बादल पूरी तक छंट गए हैं और अरब सागर से नमी आना भी बंद हो गया है, किंतु हवा ने रुख बदल लिया है। हवा उत्तरी हो गई है और पहाड़ों की ठंडक को भरतपुर तक खींच कर ला रही है।
फलस्वरूप रात के पारे में जबरदस्त 6 डिग्री की एकदम गिरावट आई है। यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसमें अभी और गिरावट की संभावना है क्योंकि अभी मौसम साफ रहेगा और हवा का रुख उत्तरी बना रहेगा।
हवा की गति बढ़ी तो दिन के तापमान में भी कमी आएगी। सोमवार को हवा की गति 4 किलोमीटर दर्ज की गई। वहीं दिन के तापमान में भी 0.5 डिग्री की कमी आई है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे दिनभर गलन और ठिठुरन रही। वहीं आर्द्रता 86 प्रतिशत रिकार्ड की गई।
मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ अरब सागर के चक्रवात के कमजोर पड़ने से हवा का दबाव का क्षेत्र पंजाब के उत्तरी भागों पर बना हुआ है। इस कारण से शीतलहर चल रही है, जिससे दिन का तापमान ज्यादा होने के बावजूद भी शीतल से राहत नहीं मिल रही है। इधर, सर्दी बढ़ने से वूलन कारोबार में फिर तेजी आई है।
मकर संक्रांति तक गिरेगा पारा, चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार मौसम का मौजूदा सिस्टम मकर संक्रांति तक प्रभावी रहेगा। यानी मकर संक्रांति तक रात के तापमान में कमी आ सकती है। ऐसे में कोहरा और शीतलहर बनी रहेगी। मौसम विभाग ने भरतपुर, धौलपुर सहित पूर्वी राजस्थान में घना कोहरा छाने और शीत लहर चलने से तापमान गिरने की संभावना जताई है। पारा दो डिग्री तक पहुंच सकता है। वैसे भरतपुर में पिछले दिनों न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री तक जा चुका है।
रिपोर्ट: प्रमोद कल्याण